जबलपुर में भाजपाईयों का बड़ा प्रदर्शन: बैरिकेड्स टूटे, पुलिस से धक्का-मुक्की; कांग्रेस ने लगाया कार्यालय पर हमले का आरोप,देखें वीडियो


जबलपुर
। शहर के बलदेव बाग चौराहे पर शनिवार को उस वक्त भारी तनाव की स्थिति बन गई, जब भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर दिया। दिल्ली में हुए एक कथित प्रदर्शन के विरोध में शुरू हुआ यह आंदोलन कुछ ही समय में तीखी झड़प और पुतला दहन में बदल गया। कांग्रेस ने भाजपा पर कार्यालय में हमले का आरोप लगाया और धरने पर बैठ गए। 

​दिल्ली की घटना का जबलपुर में विरोध


भाजयुमो का रौनक अग्रवाल आरोप है कि हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने 'अर्धनग्न' होकर प्रदर्शन किया था। भाजपा नेताओं का कहना है कि इतने बड़े वैश्विक मंच पर इस तरह का व्यवहार देश की छवि को धूमिल करने वाला और अत्यंत निंदनीय है। इसी घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जबलपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय को घेरने और जवाबदेही तय करने की मांग के साथ प्रदर्शन किया।

​राहुल गांधी का पुतला दहन और पुलिस से भिड़ंत


प्रदर्शन के दौरान माहौल तब गरमा गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई और कई जगहों पर बैरिकेडिंग गिरने जैसी स्थिति बन गई। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

​कांग्रेस ने लगाया कार्यालय पर हमले का आरोप

​दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस पार्षद अमरीश मिश्रा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने और जबरन कार्यालय में घुसने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाती है, तो उसे दबाने के लिए इस तरह की दमनकारी कार्रवाई की जाती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय की सुरक्षा के लिए मोर्चा संभाला और चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​पुलिस का बयान: स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन को प्रदर्शन और पुतला दहन की सूचना पहले से थी, जिसके चलते पर्याप्त बल तैनात किया गया था। हालांकि प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने समझाइश देकर और बीच-बचाव कर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post