रेल न्यूज : आधारताल इंटरसिटी व खजुराहो महामना एक्सप्रेस इस तारीख से एलएचबी कोच से चलेगी

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल से चलने वाली 2 ट्रेनों भोपाल से खजुराहो और रानी कमलापति से आधारताल (जबलपुर) के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्री अब अत्याधुनिक एलएचबी कोच में सफर करेंगे. रेल प्रशासन ने इन दोनों ट्रेनों के पुराने कोच के बदले एलएचबी कोच लगाने का फैसला किया है. 

भोपाल से खजुराहो के बीच चलने वाली महामना एक्सप्रेस में 15 फरवरी और रानी कमलापति से जबलपुर के आधारताल एक्सप्रेस में 16 फरवरी से यह कोच लगाए जाएंगे. अभी तक इन दोनों ट्रेनों में पुराने कोच लगाए जाते थे, इसके स्थान पर अब जर्मन तकनीक से तैयार होने वाले एलएचबी कोच यानी लिंक हॉफमेन बुश कोच का उपयोग किया जाएगा.

एलएचबी कोच की ये है खासियत

पुराने कोच के मुकाबले यह कोच हल्के और मजबूत होते हैं. इनकी खासियत यह होती है कि कोच में सेंटर बफर कपलिंग होती है, इसकी वजह से दुर्घटना के दौरान डिब्बे एक दूसरे पर चढ़ते नहीं हैं और इससे नुकसान की आशंका कम होती है. सामान्य कोच के मुकाबले इन कोचों की स्पीड ज्यादा होती है. यह कोच 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आसानी से दौड़ सकते हैं. आने वाले समय में इन दोनों ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ाई जा सकती है.

यात्रा में नहीं लगेंगे झटके

 अब इन दोनों गाडिय़ों में यात्रा के दौरान पैसेंजर को झटके महसूस नहीं होंगे. एलएचबी कोच में एयर सस्पेंशन और शॉक एर्ब्जार्बर होते हैं. इससे चलने पर इनसे आवाज कम आती है साथ ही जर्क भी नहीं लगते. आम कोच के मुकाबले इन कोच की लंबाई 1.7 मीटर ज्यादा होती है. इसकी वजह से कोच में सीटें की संख्या बढ़ेगी साथ ही सीटें भी ज्यादा आरामदायक होंगी. एलएचबी कोच को इनके कलर से पहचाना जा सकता है. एलएचबी कोच लाल कलर के होते हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post