जबलपुर जिले के मझौली थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए चने से लदे एक ट्रक को लूट लिया। इंदौर के शातिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए ट्रक चालक की आंखों में मिर्च स्प्रे झोंक दिया और उसे बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक कर ट्रक लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी को शहपुरा के पास नाकेबंदी में गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिर्च स्प्रे कर चालक को किया बेहोश, 16 लाख का माल लेकर हुए फरार
जानकारी के अनुसार, ट्रक दमोह से लगभग 550 बोरी चना लादकर कटनी के लिए रवाना हुआ था। इस माल की बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। जब ट्रक मझौली के पास पहुंचा, तभी हथियारों से लैस बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने चालक पर मिर्च स्प्रे से हमला किया, जिससे वह बेसुध हो गया। इसके बाद बदमाश उसे ट्रक में डालकर कुछ दूर ले गए और रास्ते में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी ट्रक लेकर नेशनल हाईवे की ओर भाग निकले।
पुलिस की घेराबंदी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग ने जिले भर में नाकेबंदी कर दी। शहपुरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से ट्रक चला रहे इंदौर निवासी बदमाश सागर गोयल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी महेंद्र और सुमित फरार होने में कामयाब रहे। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह हाईवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करता था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार बदमाश से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
