जबलपुर। कैंट विधानसभा के अंतर्गत आने वाले तिलहरी क्षेत्र में रविवार को शराब दुकान खोले जाने के विरोध में स्थानीय महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। महिलाओं के इस विरोध प्रदर्शन के कारण जबलपुर-मंडला मुख्य मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आक्रोशित महिलाओं का कहना है कि तिलहरी के मुख्य मार्केट और रहवासी क्षेत्र में नई शराब दुकान खोली जा रही है, जिसका वे कड़ा विरोध करती हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, घनी बस्ती और मुख्य मार्ग पर दुकान होने से क्षेत्र का माहौल खराब होगा और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा।
पहले से मौजूद दुकान बढ़ा रही परेशानी
प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेता विभा उपाध्याय ने बताया कि तिलहरी मुख्य मार्ग पर पहले से ही एक शराब दुकान संचालित है, जिसकी वजह से आवागमन और सुरक्षा संबंधी समस्याएं बनी रहती हैं। अब पुरानी बर्फ फैक्ट्री के पास एंबी वाइन शॉप के नाम से एक और दुकान खोली जा रही है।इस नई दुकान के खुलने का सबसे बुरा असर स्थानीय रहवासियों और विशेषकर महिलाओं पर पड़ेगा। सुरक्षा और शांति के लिहाज से हम किसी भी कीमत पर यहाँ दुकान नहीं खुलने देंगे।सड़क पर उतरी विभिन्न कॉलोनियों की महिलाओं ने साफ कर दिया है कि जब तक दुकान को वहां से हटाने का निर्णय नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।
