khabar abhi tak

नकल पर नकेल कसने कलेक्टर ने गठित किए त्रि-स्तरीय फ्लाइंग स्क्वाड


जबलपुर। 
 माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने परीक्षाओं में अनुचित साधनों के उपयोग और नकल पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से अनुभाग, जिला और विकासखण्ड स्तर पर विशेष निरीक्षण दलों (फ्लाइंग स्क्वाड) का गठन किया है। इन दलों का मुख्य कार्य परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करना और व्यवस्थाओं पर नजर रखना होगा।

​प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई कमान

​निरीक्षण की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अनुभाग स्तर पर गठित फ्लाइंग स्क्वाड की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र के एसडीएम  को दी गई है। वहीं, पूरे जिले के परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय दल बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर सघन निगरानी सुनिश्चित करने हेतु विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक के निरीक्षण दलों का प्रमुख बनाया गया है।

​प्रतिदिन सौंपनी होगी निरीक्षण रिपोर्ट

​प्रत्येक फ्लाइंग स्क्वाड में नेतृत्वकर्ता के अलावा तीन से चार अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी निरीक्षण दल अपने निर्धारित क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक दौरा करेंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड के प्रभारियों को हर दिन की विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak