एमपी : दमोह में बड़ा हादसा, मंदिर जा रहे दंपति की कार पुल से नदी में गिरी, पति बचा, पत्नी लापता, रेस्क्यू जारी

दमोह. मध्यप्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर छतरपुर स्टेट हाइवे पर नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी के चैनपुरा पुल शुरू होने से ठीक पहले तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। घटना के बाद कार चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर नदी से बाहर आ गया, लेकिन कार में मौजूद महिला जो कार चालक की पत्नी है, उसका अब तक सुराग नहीं मिला है। रेस्क्यू टीम  महिला की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने बताया कि नरसिंहगढ़ पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले कल्याणपुरा गांव निवासी सुनील उर्फ अनिल अहिरवार (32 वर्ष) अपनी पत्नी सपना अहिरवार के साथ बटियागढ़ के समीप बकायन गांव स्थित भगवान ईमला वाले हनुमान मंदिर शाला जा रहे थे। चैनपुरा पुल शुरू होने से ठीक पहले कार अनियंत्रित हुई और पुल से सीधा नदी में जा गिरी। जैसे ही कार नदी में गिरी, तो कार चालक सुनील किसी तरह कार से बाहर आने में सफल हो गए और कार की छत पर चढ़ गए। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उन्हें देखा और मदद कर नदी से बाहर निकाल लिया। लेकिन कार में सवार पत्नी सपना को नहीं बचाया जा सका। कुछ ही मिनटों में कार डूबकर नदी की तलहटी में पहुंच गई।

नदी में समाई कार की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी व गोताखोर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। सुनील के पिता ने बताया कि मंगलवार के चलते बहू और बेटा बकायन मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहा थे। घटना की खबर लगते ही वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि सुनील की नरसिंहगढ़ में ऑटो पार्ट्स की दुकान है और उसकी दो बेटियां हैं। लेकिन, बेटियां घर पर दादी के पास ही रुक गई थीं। घटना मंगलवार करीब साढ़े चार बजे की बताई गई है। सीएसपी एचआर पांडेय ने बताया कि कार को क्रेन और रेस्क्यू टीम की मदद से बाहर निकालने का प्रयास जारी है और महिला की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post