khabar abhi tak

रादुविवि में प्रशासनिक सर्जरी: कर्मचारी संघ उपाध्यक्ष की मुख्य भवन से विदाई


रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में फेरबदल: 6 कर्मचारियों के विभाग बदले, मची खलबली

जबलपुर।रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर राजेश वर्मा के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक बार फिर लिपिकीय वर्ग में बड़ा फेरबदल किया है। कुलसचिव कार्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार 6 कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश पुरोहित की हो रही है, जिन्हें लेखा विभाग से हटाकर मुख्य प्रशासनिक भवन से बाहर विधि विभाग में भेज दिया गया है। विश्वविद्यालय में यह चर्चा आम है कि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल के विरोधी गुट के नेताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।

गुटबाजी के कारण कर्मचारी नेताओं पर गिरी गाज

​विश्वविद्यालय के गलियारों में इस तबादला सूची को संघ की आपसी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारों का कहना है कि अध्यक्ष विरोधी गुट के नेताओं पर गाज गिरने का सिलसिला थम नहीं रहा है; इससे पहले भी दो कर्मचारी नेताओं के विभाग बदले जा चुके हैं। चर्चा यह भी है कि आने वाले दिनों में कुछ और नाम इस सूची में शामिल हो सकते हैं, जो वर्तमान संघ नेतृत्व के खिलाफ मुखर रहे हैं।

स्थानांतरित कर्मचारियों की नई पदस्थापना सूची

​प्रशासनिक आदेश के तहत भारती वर्मा को विकास विभाग से स्थापना विभाग भेजा गया है, जबकि कमलेश्वरी ठाकुर को ग्रंथालय से लेखा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार, गणेश चतुर्वेदी को गोपनीय विभाग से ऑनलाइन सेंटर और शुभम कठौता को एससी-एसटी सेल से डिग्री सेल में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, डॉ. भूपेंद्र उपाध्याय को अब कुलगुरु कार्यालय एवं पुनर्मूल्यांकन प्रकोष्ठ में अपनी सेवाएं देनी होंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak