बालाघाट। एमपी के बालाघाट स्थित टेकाड़ी व पिपरटोला में शाम को चीख पुकार मच गई। जब सड़क किनारे खड़ी टै्रक्टर-ट्राली से टकराए मोटर साइकल सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ है जब दोनों युवक अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार चालीसबोड़ी गांव में रहने वाला सुनील पिता धनलाल उईके उम्र 31 वर्ष अपने दोस्त राहुल पिता कोपसिंह मर्सकोले 22 वर्ष के साथ मोटर साइकल से बालाघाट किसी काम से आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों युवक शाम को 6 बजे के लगभग घर जाने के लिए निकले। जब वे टेकाड़ी से पिपरटोला की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान सामने से आए भारी वाहन को साइड देने के लिए जैसे ही किनारे हुए तो सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गए। हादसे में मोटर साइकल के परखच्चे उड़ गए। वहीं सुनील व राहुल के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देख राह चलते लोगों सहित आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाकर ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश शुरु कर दी है।