khabar abhi tak

जबलपुर: 15 रुपये की बात पर महिला ने चला दिया चाकू


किराए के मामूली विवाद में महिला ने ऑटो चालक के पेट में घोंपा चाकू, पति-पत्नी गिरफ्तार

जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र स्थित सरकारी कुआं के पास किराए को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर न केवल ऑटो चालक की पिटाई की, बल्कि बैग से चाकू निकालकर उसके पेट में घोंप दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दंपत्ति को हिरासत में ले लिया है, जबकि घायल चालक का अस्पताल में उपचार जारी है।

15 रुपये के किराए पर हुआ था विवाद

​जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक अनुज चौधरी मंगलवार दोपहर सवारी छोड़कर लौट रहा था। झामनदास चौराहे पर एक दंपत्ति ने हाईकोर्ट जाने के लिए ऑटो रोका। शुरुआत में 20-20 रुपये किराए की बात हुई, जो बाद में 15-15 रुपये पर तय हुई। विवाद तब शुरू हुआ जब चालक ने शीतलामाई के पास एक अन्य सवारी को बैठाया और उससे हनुमानताल तक के 40 रुपये मांगे। इसे देखकर दंपत्ति चालक पर ज्यादा किराया वसूलने का आरोप लगाने लगे और बहस शुरू हो गई।

बीच सड़क पर मारपीट और चाकूबाजी

​विवाद बढ़ने पर जब चालक ने उन्हें उतरने को कहा, तो महिला नंदिनी चौधरी भड़क गई। उसने चालक के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी, वहीं उसके पति ने चालक के हाथ जकड़ लिए। इसी दौरान महिला ने अपने बैग से अचानक चाकू निकाला और अनुज के पेट में मार दिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस की घेराबंदी, परिजनों का हंगामा

​घटना की सूचना मिलते ही बेलबाग पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पति-पत्नी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। इधर, घायल के परिजनों ने बड़ी संख्या में अस्पताल और थाने पहुंचकर आक्रोश जताया। थाने में आरोपियों को देख परिजन मारपीट पर उतारू हो गए, जिन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शांत कराया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak