मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि पन्ना निवासी जय सिंह उम्र 18 वर्ष व कटनी के झिंझरी निवासी भानु प्रताप सिंह 35 वर्ष अपने रिश्तेदारों से मिलकर घर के लिए मोटर साइकल से रवाना हुए। जब वे रीठी के टहकारी रोड से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान सामने से आए मोटर साइकल सवार गजेन्द्र सिंह उम्र 23 वर्ष व बकुति आदिवासी से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी जोरों से हुई कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं जयसिंह व भानू प्रताप के शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गजेन्द्र व बकुति के शरीर पर गंभीर चोटें आई। वाहनों में भिड़ंत होते देख राह चलते लोग रुक गए, यहां तक कि आसपास के लोग भी आवाज सुनकर पहुंच गए। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया। घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, इसके बाद यातायात शुरु हो सका।