khabar abhi tak

जबलपुर में नशे की बड़ी खेप बरामद: ट्रांसपोर्ट से जब्त की 8.64 लाख की कफ सिरप, देहरादून से दमोह जा रहा था माल,देखें वीडियो


जबलपुर।
जिले में अवैध नशीली दवाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत माढ़ोताल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने कटंगी रोड स्थित वीआरएल ट्रांसपोर्ट पर छापा मारकर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की 40 पेटियां जब्त की हैं। बरामद की गई कुल 4800 बोतलों की बाजार कीमत लगभग 8 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और एमपी ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तराखंड से दमोह भेजी जा रही थी खेप


पुलिस जांच में सामने आया है कि नशीली सिरप की यह खेप 5 फरवरी 2026 को देहरादून (उत्तराखंड) की मैक्लाक्योर फार्मासिस्ट कंपनी से बुक की गई थी। इसे दमोह जिले के जबेरा स्थित मैसर्स सचिन मेडिकोज के नाम पर भेजा गया था। ट्रांसपोर्ट के कैशियर सुमित यादव से पूछताछ में पता चला कि इसकी डिलीवरी 16 फरवरी को ली जानी थी, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर इसे अपने कब्जे में ले लिया।

ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में सैंपलिंग

​कार्रवाई के दौरान प्रत्येक कार्टून में 120-120 बोतलें (100 एमएल) पाई गईं, जिनमें कोडीन फॉस्फेट की मात्रा होने के कारण इनका नशे के रूप में दुरुपयोग किया जाना था। ड्रग इंस्पेक्टर देवेंद्र जैन की उपस्थिति में दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एएसपी आशुतोष गुप्ता, जितेंद्र सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम शामिल रही। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak