दमोह। एमपी के दमोह स्थित ग्राम गंजबरखेड़ा बटियागढ़ रोड पर आज दोपहर बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में पिकअप सवार 6 लोगों को गंभीर चोटें आई। वहीं पिकअप में रखा दहेज का सारा सामान सड़क पर बिखर गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बटियागढ़ के निंबोरा कला गांव से एक बारात पन्ना जिले के अमानगंज गई थी। जहां से बारात आज सुबह विदाई के बाद पिकअप से गांव के लिए रवाना हुई। पिकअप जब गंजबरखेड़ा से आगे बढ़ रही थी। इस दौरान चालक अपना संतुलन खो बैठा और अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे पिकअप में सवार 20 बाराती गिर गए, जिनमें चीख पुकार मच गई। पिकअप पलटते देख राह चलते लोग रुक गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल 6 बारातियों को उपचार के लिए शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। पिकअप पलटने से दहेज का सारा सामान भी सड़क पर गिर गया था। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में हरिराम आदिवासी, श्याम पिता सुंदर आदिवासी, परम पिता तिलक आदिवासी सहित अन्य को गंभीर चोटें आई हैं।
Tags
damoh