khabar abhi tak

यूपी में दर्दनाक हादसा : घर में लगी आग, 5 मासूम बच्चों समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

 
मेरठ.
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. सोमवार 23 फरवरी की देर रात लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में एक मकान में लगी भीषण आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक महिला और पांच मासूम बच्चे शामिल हैं. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, किदवई नगर में स्थित एक दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कपड़ों का गोदाम चलाया जा रहा था. सोमवार रात अचानक निचली मंजिल से धुआं और लपटें उठने लगीं. घर में कपड़े का काम होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में ऊपर की मंजिल तक फैल गई. उस समय घर में दो महिलाएं और पांच बच्चे मौजूद थे.

धुएं और आग की तेज लपटों ने घर के निकास मार्ग को घेर लिया, जिससे परिवार अंदर ही फंस गया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी. संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाके के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. झुलसे हुए लोगों को छत के रास्ते बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया. बाद में सभी घायलों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला और पांच बच्चों ने दम तोड़ दिया. बता दें कि मृतकों में छह माह से कम उम्र के जुड़वां बच्चे भी शामिल हैं. वहीं, एक अन्य महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.

इस घटना पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चल रहे कपड़ों के गोदाम को लेकर भी प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे ऐसे अवैध गोदामों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak