बताया गया है कि जबलपुर में अवैध रेत खनन व चोरी की मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन के माइनिंग विभाग ने अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए मझौली, सिहोरा, पाटन व जबलपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नदियों से अवैध रूप से निकाली गई भारी मात्रा में रेत का भंडारण मिला। टीम ने अवैध रूप से जमा रेत को नदियों में वापस डलवाया। वहीं कुछ रेत को सड़क किनारे फैलाकर उसमें मिट्टी मिलाकर नष्ट कर दिया। अधिकारियों की माने तो अब तक करीब 300 हाईवा लगभग 4 हजार क्यूबिक मीटर अवैध रेत नष्ट की जा चुकी है। यह रेत नदियों के किनारे लावारिस हालत में पाई गई थी। जिन मामलों में भंडारण करने वालों की पहचान नहीं हो सकी, वहां रेत को नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पहचान होने पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जिले में अवैध रेत खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध खनन करने वालों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।