khabar abhi tak

एमपी - देवास स्थित प्रसिद्ध माता टेकरी पर मधुमक्खियों का हमला, 3 श्रद्धालु और 4 कर्मचारी घायल

देवास। मध्य प्रदेश के देवास शहर में स्थित प्रसिद्ध शक्ति केंद्र माता टेकरी पर शनिवार 28 फरवरी की दोपहर अचानक मधुमक्खियां भड़क उठीं। इस दौरान छोटी माता मा चामुंडा मंदिर क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले में महू से दर्शन करने आए तीन श्रद्धालु और माता टेकरी के चार कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार आयुष कोठारी, उनकी माता सीमा कोठारी, नानी विनीता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य महू से देवास में माता के दर्शन करने आए थे। जब वे छोटी माता मंदिर क्षेत्र में पहुंचे तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकल आया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के तीनों सदस्यों के अलावा माता टेकरी देव स्थान प्रबंध समिति के कर्मचारी उज्जवल राव, विनय, ममता कुशवाह होमगार्ड सैनिक अंतरसिंह घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कुछ देर में माता टेकरी प्रभारी तहसीलदार कपिल गुर्जर भी अस्पताल पहुंचे।

तहसीलदार ने श्रद्धालुओं से चर्चा की और चिकित्सकों से उनके उपचार के बारे में जानकारी ली। तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और जिला अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए वन विभाग डिप्टी रेंजर श्याम शर्मा को निर्देश दिए गए हैं। वन विभाग की टीम देर रात मधुमक्खी के छत्ते हटाने की कार्रवाई करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak