khabar abhi tak

भोपाल : होटल में शादी समारोह के दौरान लगी भीषण आग, जेसीबी से दीवार तोड़कर बचाई 150 जिंदगियां

भोपाल. एमपी की राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क इलाके में सोमवार 16 फरवरी की देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भौंरी स्थित एक होटल में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। 

जिस समय आग लगी, होटल के भीतर 150 से अधिक लोग मौजूद थे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए जेसीबी मशीन की मदद से होटल की दीवार गिराई और धुएं व लपटों के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है।

जेसीबी से दीवार तोड़कर किया बचाव

भोपाल का खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के एक होटल से काले धुएं का गुबार उठते देखा गया। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल के मुख्य द्वारों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। होटल के भीतर 150 से ज्यादा लोग फंसे हुए थे और धुएं के कारण उनका दम घुट रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक जेसीबी मशीन बुलाई। होटल की पिछली दीवार को जेसीबी की मदद से ढहाया गया, जिससे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता मिल सका।

मची रही भारी अफरा-तफरी

आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। चश्मदीदों के मुताबिक, लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई दे रहा था। फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जांच में जुटा प्रशासन

गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में अभी तक किसी की जान जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अब होटल के फायर सेफ्टी ऑडिट की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि होटल में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak