khabar abhi tak

जीआरपी ने ट्रेन में चोरी करने वाले आरोपी को पकड़ा,1.20 लाख के गहने जब्त, रूसी महिला की हत्या, सहित कर्ई केस दर्ज

 
सतना.
जबलपुर रेल मंडल के सतना में जीआरपी ने ट्रेन में हुई चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए ददुआ गिरोह के पूर्व सदस्य सीलू दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.20 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए गहने बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पर रूसी महिला की हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घटना 11 अप्रैल 2025 की है। बेगूसराय (बिहार) निवासी रोपण कुमार सिंह (47) अपनी पत्नी और परिवार के साथ एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच में मुंबई जा रहे थे। सतना से ट्रेन रवाना होते ही अज्ञात बदमाश ने उनकी पत्नी का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और नकदी रखी थी।

मोबाइल से हुआ खुलासा

जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज के अनुसार शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई। लगभग एक महीने बाद पुलिस ने राजेंद्र नगर-सतना निवासी रवि चौधरी (25) को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में रवि ने बताया कि उसने मोबाइल सीलू दुबे से खरीदा था।

9 महीने से फरार रहा आरोपी

इस पतासाजी के आधार पर पुलिस ने सीलू दुबे को पकडऩे के लिए विशेष टीम गठित की। वह करीब 9 महीने तक गिरफ्त से बाहर रहा। 18 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि वह मेमू ट्रेन से चितहरा आने वाला है। पुलिस ने स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे ट्रेन से उतरते ही गिरफ्तार कर लिया।

मैहर से बरामद हुए गहने

पूछताछ में आरोपी ने चोरी कबूल करते हुए बताया कि गहने उसने अपने साथी अमित लोनिया (निवासी पहाड़ी, जिला मैहर) के घर में छिपा रखे थे। पुलिस ने मैहर में दबिश देकर 1 लाख 20 हजार रुपये के आभूषण बरामद किए।

रूसी महिला सहित गंभीर आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार सीलू दुबे पर रूसी महिला की हत्या, चोरी, लूट और वर्ष 2022 में अपने ही गांव में एक व्यक्ति की हत्या का मामला दर्ज है। वह कुख्यात ददुआ गिरोह का पूर्व सदस्य भी रहा है। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया था। इस मामले में तीसरा आरोपी अमित लोनिया अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak