khabar abhi tak

अलमारी की चाबी चुराकर नौकरानी ने साफ किए जेवर, CCTV ने खोला राज,सुनार भी पहुंचा सलाखों के पीछे,देखें वीडियो


जबलपुर। 
शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक शातिर नौकरानी और चोरी के जेवर खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 12 लाख 70 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब नव निवेश कॉलोनी निवासी मयंक सिंह ठाकुर ने अपनी सास के घर (दुर्गा कॉलोनी) में जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मयंक ने शक होने पर कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगवाया, जिसमें नौकरानी मनीषा कहार (निवासी नरसिंहपुर) अलमारी और सूटकेस से छेड़छाड़ करते हुए पकड़ी गई।

किश्तों में करती थी चोरी, सुनार को बेच देती थी गहने


पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मनीषा ने कुबूल किया कि वह अलमारी की चाबियों पर नजर रखती थी और साल 2025 में रक्षाबंधन के समय से ही धीरे-धीरे जेवर और नकदी चोरी कर रही थी। उसने बताया कि वह चोरी के जेवर एकता मार्केट (गौर) स्थित विपिन ज्वेलर्स के संचालक विपिन उर्फ अभिषेक सोनी को बेचती थी। थाना प्रभारी बीडी द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने के  2 हार, 2 पंचाली, 2 मंगलसूत्र, चेन, अंगूठी, बाली आदि (कुल वजन करीब 70 ग्राम) व चांदी की 3 जोड़ी पायल (जो रसोई में छिपाई गई थीं)। पुलिस ने धारा 306, 317(2) के तहत अपराध क्रमांक 29/26 दर्ज किया है। आरोपी मनीषा को जेल भेज दिया गया है, जबकि सुनार विपिन सोनी को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य चोरी गए सामानों की पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में उप- निरीक्षक विनोद द्विवेदी, एएसआई कुंजीलाल मेहरा और आरक्षक आकाश पाण्डे सहित अन्य टीम सदस्यों की मुख्य भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak