नर्मदापुरम। एमपी के नर्मदापुरम में एक तरफा प्रेम के चलते युवक ने 17 वर्षीय नाबालिगा के साथ रेप किया, इसके बाद हत्या कर नदी में लाश फेंक दी। घटना के तीसरे दिन 31 दिसम्बर को पुलिस ने नाबालिगा का शव रंढाल गांव में नदी के किनारे से बरामद कर लिया। इसके बाद आज पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात करना स्वीकार लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी आकाश सोलंकी द्वारा 17 वर्षीय नाबालिगा से एक तरफा प्यार करता रहा। दोनों के बीच बातचीत भी होती रही, लेकिन करीब 10 दिनों से नाबालिगा ने आकाश से बातचीत करना बंद कर दिया। इस बात से गुस्साया आकाश ने नाबालिगा को बहाना करके बुलाया और 28 दिसंबर की रात घुमाने के लिए बुधनी रोड स्थित पुल से नीचे खर्राघाट ले गया। यहां पर बातचीत करते हुए उसके साथ जबरन रेप किया। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश को नदी में फेंककर वापस आ गया। अगले दिन 29 दिसंबर को पीडि़ता का मोबाइल बंद आ रहा था। नाबालिग के परिजनों ने उसकी सहेली को कॉल कर पूछा। उसने बताया कि रात को किशोरी अपने एक दोस्त के साथ में घूमने का कहकर निकली थी। एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया 29 दिसंबर को कोतवाली थाने में नाबालिग किशोरी के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई। पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने आकाश सोलंकी पर शंका जताई थी। उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने गुमराह करने की कोशिश की। उसने किशोरी ने नर्मदा ब्रिज से कूदकर आत्महत्या करने की कहानी बताई। दोबारा पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा बार-बार अलग-अलग मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि किशोरी के साथ कोई गंभीर घटना घटित हुई है। पुलिस ने एसडीईआरएफ की मदद से नर्मदा नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश की। दो दिन की तलाशी के बाद बीती शाम ग्राम रंढाल के पास किशोरी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आज फिर आरोपी आकाश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने रेप कर हत्या करना स्वीकार लिया।