श्योपुर. मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के ढोढर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलावनी गांव के पास बिजली विभाग अधिकारी की गाड़ी नहर में गिर गई. हादसे के दौरान गाड़ी में असिस्टेंट इंजीनियर (एई) प्रेम कटारा और उनका ड्राइवर रिंकू राठौर मौजूद थे. हादसे के बाद एई प्रेम कटारा ने तैरकर अपनी जान बचाई, लेकिन ड्राइवर का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. घटना के बाद मौके पर पहुंची एसडीईआरएफ टीम ने वाहन बरामद कर लिया है और चालक की तलाश जारी है.
बिजली विभाग के अधिकारी मंगलवार बुधवार की दरम्यानी रात श्योपुर से विजयपुर जा रहे थे. इस दौरान घने कोहरे के कारण ड्राइवर को सड़क दिखाई नहीं देने से हादसा होना बताया जा रहा है. एई को तैरना आता था, जिससे उन्होंने अपनी जान बचा ली, लेकिन ड्राइवर को तैरने नहीं आता था और न ही उसका गेट खुल पाया, जिससे वह पानी में बह गया. फिलहाल एसडीईआरएफ की टीम ड्राइवर की तलाश कर रही है.
ड्राइवर का नहीं लगा पता
ढोढर थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि विजयपुर में पदस्थ मेंटेनेंस एई प्रेम कटारा और ड्राइवर रिंकू राठौर श्योपुर से विजयपुर की ओर बिजली की विभाग की गाड़ी से विजयपुर जा रहे थे. घने कोहरे की वजह से सड़क पर कुछ दिखाई नहीं दिया, तो उनकी गाड़ी नहर में जा गिरी. बिजली विभाग के एई प्रेम कटारा ने तैरकर अपनी जान बचा ली, परंतु ड्राइवर तैरना नहीं जानता था और गेट नहीं खुलने की वजह से वह पानी के तेज बहाव में बह गया. अब एसडीआरएफ की टीम नहर में ड्राइवर की तलाश कर रही है. परंतु ड्राइवर का कोई सुराग नहीं लग सका है.
घटनास्थल से 100 मीटर दूर बरामद हुई गाड़ी
एसडीईआरएफ टीम के नवदीप शर्मा का कहना है कि नहर में बिजली विभाग की गाड़ी और एई और ड्राइवर कोहरे की वजह से गाड़ी सहित समा गए. गाड़ी घटनास्थल से 100 मीटर दूर बरामद कर ली है. परंतु चालक का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है, जिसकी तलाश की जा रही है.
