कटनी. मध्य प्रदेश के कटनी के रीठी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पठहरा में भाजपा समर्थित सरपंच की पत्नी से रेप का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने अपने पति के साथ कटनी एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना ३० दिसंबर की दोपहर को हुई थी। वह अपने घर के पास स्थित एक शटर वाले मकान में चावल की बोरी लेने गई थीं। आरोप है कि तभी पड़ोसी नितेश रैकवार अचानक पीछे से घर में घुस आया और शटर बंद कर दिया। आरोपी ने महिला के साथ जबरन रेप किया और विरोध करने पर उसे शारीरिक चोटें भी पहुंचाईं।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि अगर पीडि़ता ने पुलिस या किसी अन्य को इस बारे में बताया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। पीडि़ता के अनुसार, आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पीडि़ता के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सामानों में तोडफ़ोड़ भी की, ताकि परिवार में दहशत फैले और वे पुलिस के पास न जा सकें।
पुलिस पर मदद न करने का लगाया आरोप
पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद डायल ११२ पर सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस से कोई सहायता नहीं मिली। आरोपी के डर और गांव में बढ़ते तनाव के कारण, पीडि़ता ३० और ३१ दिसंबर की दरमियानी रात खेतों के रास्ते छिपते-छिपाते कटनी जिला मुख्यालय पहुंची। उसने ३१ दिसंबर को एसपी कार्यालय में अपनी आपबीती सुनाई। पीडि़ता के पति, जो उसी गांव के वर्तमान सरपंच और भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, ने कहा कि इस घटना ने पूरे परिवार को सामाजिक रूप से शर्मसार कर दिया है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ रेप सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
एएसपी ने कहा- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि एक महिला द्वारा पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई है। संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
