khabar abhi tak

एमपी : ओंकारेश्वर-महाकाल दर्शन कर लौट रहे यात्रियों से भरी बस का टायर फटने से पलटी, 40 घायल

मंदसौर. मध्य प्रदेश में गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। शामगढ़ के समीप ग्राम ढाबला के पास एक यात्री बस का टायर फटने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल शामगढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बस में सवार यात्री ओंकारेश्वर और उज्जैन के महाकाल मंदिर के दर्शन कर वापस हरियाणा के सोनीपत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3:30 से 4 बजे के बीच अचानक बस का टायर फटते ही चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल एंबुलेंस, अस्पताल स्टाफ और फोरलेन कर्मचारियों को सूचना दी पुलिस और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

इस घटना में कुल 43 यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें से तीन यात्रियों को गंभीर चोटें होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। शेष यात्रियों को मामूली चोटें पाई गईं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। प्रशासन की निगरानी में उपचार के बाद सभी यात्रियों को वैकल्पिक बस से सुरक्षित रूप से सोनीपत के लिए रवाना किया गया। बस को नायब तहसीलदार भीम सिंह, शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज संघवी की उपस्थिति में रवाना किया गया। बताया गया कि यह कोई टूरिस्ट ट्रैवल्स बस नहीं थी, बल्कि भारत ट्रांसफार्मर दिल्ली के संचालक भारत सिंह द्वारा अपने निजी वाहन से कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिजनों को उज्जैन ओंकारेश्वर दर्शन के लिए ले जाया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak