जबलपुर। नए साल के स्वागत के जोश में नियमों का उल्लंघन करना होटल संचालकों और डीजे ऑपरेटरों को महंगा पड़ रहा है। तिलवारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध 'होटल शान एलीजे' में नए साल की पूर्व संध्या पर आयोजित जश्न के दौरान पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। देर रात तक बिना अनुमति के तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में पुलिस ने डीजे उपकरण जब्त किए हैं और ऑपरेटर के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज किया है।
गश्त के दौरान मिली गड़बड़ी
तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि नए साल की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार पेट्रोलिंग पर थी। रात करीब 1 बजे सूचना मिली कि होटल शान एलीजे के पिछले लॉन में बहुत तेज आवाज में संगीत बज रहा है, जिससे आसपास के लोगों को असुविधा हो रही है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां ध्वनि विस्तारक यंत्रों का शोर नियमों के विरुद्ध पाया गया। पुलिस ने साउंड ऑपरेटर भानुप्रताप सिंह (निवासी सगड़ा) से साउंड बजाने का अनुमति पत्र मांगा, जिसे वह पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने बनाई जब्ती
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 2 साउंड बॉक्स, मिक्सर मशीन और कार्डलेस माइक जब्त कर लिए। आरोपी भानुप्रताप सिंह के विरुद्ध म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्सव के नाम पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
