khabar abhi tak

हॉस्टल से लापता हुए एकलव्य स्कूल के तीन छात्र मिले, जबलपुर स्टेशन पर गुजारी रात


जबलपुर।
शहर के रामपुर स्थित एकलव्य आवासीय स्कूल (विशेष पिछड़ी जनजातीय) से लापता हुए कक्षा 8वीं और 9वीं के तीन छात्रों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। छात्र सोमवार रात छात्रावास से बिना बताए निकल गए थे और पैदल चलकर मुख्य रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। पुलिस द्वारा की गई कड़ी मशक्कत और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उन्हें प्लेटफार्म नंबर 1 से दस्तयाब किया गया।

सुबह पीटी के दौरान खुला राज, पुलिस ने खंगाले 50 कैमरे

​घटना की शुरुआत 27 जनवरी को हुई जब हॉस्टल में सुबह की पीटी के दौरान छात्रों की गिनती की गई। इस दौरान तीन छात्र अनुपस्थित पाए गए। हॉस्टल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना रामपुर पुलिस चौकी को दी। रामपुर पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र जाटव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की। पुलिस ने रामपुर से गोरखपुर और रेलवे स्टेशन तक के मार्ग में लगे करीब 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें बच्चे स्टेशन की ओर जाते हुए दिखाई दिए।

हॉस्टल में मन नहीं लगता, घर जाने के लिए भागे थे

​पूछताछ में छात्रों ने बताया कि वे पिछले तीन साल से यहाँ रह रहे हैं, लेकिन अब उनका मन यहाँ नहीं लग रहा था। उन्हें परिजनों की याद सता रही थी, इसलिए उन्होंने मिलकर घर भागने की योजना बनाई। सोमवार रात जब अन्य छात्र मेस में खाना खाने गए थे, तब ये तीनों चुपचाप हॉस्टल से निकल गए। उनका इरादा सुबह होते ही अपनी-अपनी ट्रेनों से घर निकलने का था। ये छात्र मूलतः जबलपुर, मंडला और सिवनी जिले के रहने वाले हैं।

परिजनों को सौंपी गई जिम्मेदारी

​पुलिस ने तीनों नाबालिग छात्रों को सुरक्षित ढूंढने के बाद उनके परिजनों और छात्रावास प्रबंधन को सूचित किया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस और स्कूल प्रशासन ने बच्चों की काउंसलिंग करने की बात कही है ताकि भविष्य में वे इस तरह का कदम न उठाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak