khabar abhi tak

एमपी सिवनी जेल में पॉक्सो एक्ट में बंद तीन कैदी भागे, घर पहुंचने पर परिवार वाले वापस जेल में छोड़ गए

सिवनी. मध्यप्रदेश के सिवनी में जेल प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिला जेल में बंद तीन विचाराधीन कैदियों के बुधवार 14 जनवरी की शाम 20 फीट ऊंची दीवार बांधकर फरार होने के बाद जेल प्रशासन ने डूंडासिवनी थाने में मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। विचार अधीन कैदियों के फरार होने से हड़कंप मच गया। हालांकि फरार कैदियों को परिजनों ने आज गुरुवार 15 जनवरी की सुबह वापस जेल प्रशासन के सुपुर्द कर दिया है।

बताया जाता है कि जिला जेल में पाक्सो एक्ट के तीन विचाराधीन कैदी बंद थे। तीनों कैदी मौका देखकर जेल से फरार हो गए। फरार कैदियों में दो कैदी लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी है, जबकि एक कैदी गोंदिया जिले का बताया जा रहा है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

फरार कैदियों की पहचान अंकित पुत्र श्रीवाल लखनवाड़ा, विशाल पुत्र ब्रहमानंद लखनवाड़ा तथा विशाल पुत्र चिंदीलाल गोंदिया निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपितों ने जेल परिसर की सुरक्षा के लिए बनी लगभग 20 फीट ऊंची दीवार को एक दूसरे का सहारा लेकर फांद कर पार कर सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर बुधवार शाम लगभग 6 बजे फरार हो गए। जेल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरा घटनाक्रम कैद होने की बात सामने आई है।

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के दौरान जेल में तैनात सुरक्षा कर्मियों को कोई भनक तक नहीं लगी। गिनती के दौरान तीन कैदियों की अनुपस्थिति मिलने पर पूरे जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने डुंडासिवनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। सूत्रों के अनुसार जेल प्रशासन ने फरार आरोपितों के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें समझाइश दी गई। बताया जाता है कि प्रशासन की बात मानते हुए परिजनों ने खुद आरोपितों को खोजकर जेल में लाकर छोड़ दिया।

परिजनों ने गुरुवार सुबह आरोपितों को वापस जेल पहुंचा दिया, इसके बाद तीनों को पुन: जेल में दाखिल किया गया। हालांकि इस घटनाक्रम ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल तीनों आरोपित वापस जेल में हैं, लेकिन यह घटना सिवनी जेल की व्यवस्थाओं की पोल खोलने के लिए काफी है। सूत्रों के अनुसार जेल प्रशासन ने इस घटना के लिए लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई करने में जुट गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak