khabar abhi tak

ननि अमले ने गार्डन, तालाब और सरकारी जमीनों को कराया मुक्त



जबलपुर।
 नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अपर आयुक्त अरविंद शाह एवं अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया गया। अभियान की शुरुआत बाजनामठ और जेडीए कॉलोनी गार्डन से हुई, जहाँ पूर्व से चिन्हित अतिक्रमणों को जेसीबी की मदद से ढहाया गया। इसके बाद टीम ने गोल बाजार, छोटी लाइन फाटक और रामपुर चौक तक फुटपाथों को खाली कराया। विशेष रूप से गोलबाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के पास की कंजरवेंसी और हनुमानताल तालाब के किनारे किए गए अस्थाई अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही अनवर के बाड़े को पूरी तरह खाली कराकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।

अवैध निर्माण न करने लाउडस्पीकर से हुई मुनादी

​कार्रवाई के दौरान चितरंजन दास वार्ड में शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को मौके पर पहुँचकर रुकवा दिया गया, वहीं तिलवारा में कम्युनिटी शौचालय के पास से अतिक्रमण हटाकर रास्ता साफ किया गया। अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जन-जागरूकता के लिए तीन पत्ती, सिविक सेंटर, शास्त्री ब्रिज और मालवीय चौक जैसे व्यस्त इलाकों में लाउडस्पीकर से मुनादी भी कराई गई। व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, एकता रघुवंशी, दीपेंद्र सिंह रावत सहित दल प्रभारी जोसफ प्रवीण, अंकित पारस और वीरेंद्र मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak