khabar abhi tak

ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन का टारगेट फिक्स, 2028 तक पूरा होगा काम : डिप्टी सीएम बोले- अब नहीं रुकेगा प्रोजेक्ट

जबलपुर/रीवा. मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सतना-रीवा-सीधी-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना को लेकर रीवा मुख्यालय में एक अहम संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि भू-अर्जन से जुड़ी अड़चनों को दूर कर साल 2028 तक इस परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और सांसद जनार्दन मिश्रा की मौजूदगी में हुई इस बैठक में जमीन अधिग्रहण के उन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनसे काम प्रभावित हो रहा था।

करीब 9000 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 541 किलोमीटर लंबी होगी। इस रेल लाइन के पूरा होने से बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र सीधे एक-दूसरे से जुड़ेंगे। वहीं, रीवा, सतना और सिंगरौली जैसे शहरों को दिल्ली सहित अन्य बड़े महानगरों से सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे न सिर्फ यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

सभी विभाग समन्वय से काम करें

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, समीक्षा बैठक में यह तय किया गया है कि भू-अर्जन के कारण अब किसी भी स्तर पर काम नहीं रुकेगा। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम करेंगे और 2028 तक यह रेल लाइन पूरी कर जनता को समर्पित कर दी जाएगी।

विंध्य के विकास की रीढ़ साबित होगी

रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा, यह परियोजना विंध्य क्षेत्र के विकास की रीढ़ साबित होगी। रेल लाइन के जरिए क्षेत्र को देश की मुख्यधारा से जोडऩे का सपना साकार हो रहा है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं।

कलेक्टर-कमिश्नर रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, कमिश्नर और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान भू-अर्जन से जुड़ी अड़चनों को प्राथमिकता से सुलझाने पर सभी अधिकारियों के बीच सहमति बनी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak