khabar abhi tak

एमपी : भोपाल में नशेड़ी चालक ने ग्रैंड विटारा कार से 15 लोगों को रौंदा, 6 लोग अस्पताल में भर्ती

भोपाल. राजधानी भोपाल में नशे में धुत्त एक चालक ने माता मंदिर से लेकर रंग महल चौराहे तक रास्ते में आए करीब 15 लोगों को रौंद डाला। अनियंत्रित कार की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए, आखिरी में एक पेड़ से टकराकर विटारा कार रुकी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक पूरी तरह नशे में था और वाहन पर उसका कोई नियंत्रण नहीं था। यह तांडव माता मंदिर क्षेत्र से शुरू हुआ। इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए नानके पेट्रोल पंप, अपेक्स बैंक चौराहा और टीटी नगर होते हुए रंग महल चौराहे तक कई राहगीरों और वाहन चालकों को टक्कर मारी।

माता मंदिर क्षेत्र से कार ने लोगों को टक्कर मारना शुरू किया। चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। करीब 3-4 किलोमीटर के इस लंबे रूट पर चालक बेतहाशा गाड़ी भगा रहा था और सड़क किनारे खड़े और रास्ते में जो भी आया उसे रौंदता चला गया। 

रंग महल चौराहा पर पेड़ से टकराई कार

रंग महल चौराहे को क्रॉस करते समय कार एक पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने कार को घेरा, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।  घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नशे में वाहन चलाने और जानलेवा लापरवाही बरतने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

एक्सीडेंट में 6 घायलों की शिकायत मिलीं

इस मामले में टीटी नगर के सब इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि आरोपी हरीश मालवीय को हिरासत में लिया है। आरोपी नशे की हालत में वाहन चला रहा था। शिकायत मिलने पर सामने आया कि उसने 5-6 लोगों को टक्कर मारी है, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। कई वाहन चालकों की शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है।

आरोपी से पूछताछ, घायलों का इलाज

घटना के बाद कई पीडि़त वाहन चालकों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घायलों का उपचार जारी है। टीटी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में कार से लोगों को रौंदने वाले मामले में पुलिस आरोपी चालक हरीश से पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak