khabar abhi tak

जबलपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह का आयोजन कल: 121 जोड़े बनेंगे हमेशा के लिये हमसफर


121 बेटियों को मिलेगा मंगलसूत्र और 49 हजार की सहायता

जबलपुर। सदर के गैरीसन मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एक समारोह आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में कुल 121 जोड़ों का विवाह संपन्न होगा, जिसमें 118 जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह और 3 जोड़ों का निकाह कराया जाएगा। नगर निगम जबलपुर द्वारा आयोजित इस समारोह के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मैदान में 121 मंडप सजाए गए हैं और प्रत्येक विवाह के लिए अलग से घोड़े और पंडितों की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति में होगा आशीर्वाद समारोह

​इस वैवाहिक कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए कई दिग्गज राजनेता शामिल होंगे। मुख्य अतिथियों में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शामिल हैं। इनके अलावा कई क्षेत्रीय सांसद आशीष दुबे और विधायकगण भी नवदंपतियों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम और केंद्रीय मंत्री दोपहर करीब 12 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे।

बेटियों को उपहार और खातों में भेजी जाएगी सहायता राशि

​योजना के तहत शासन द्वारा नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक और भौतिक सहायता प्रदान की जाएगी। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने बताया कि  मुख्यमंत्री मंच से सिंगल क्लिक के जरिए प्रत्येक जोड़े के खाते में 49 हजार रुपये की राशि आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे।  प्रत्येक दुल्हन को मंगलसूत्र व कपड़े और एक विशेष गिफ्ट हैंपर दिया जाएगा।  कार्यक्रम में शामिल होने वाले घराती और बारातियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak