khabar abhi tak

पमरे की जीएम ने जबलपुर के सभी केंद्रीय कार्यालयों के अधिकारियों से हिंदी का अधिक प्रयोग करने का किया आग्रह

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 17वीं छ:माही बैठक संपन्न

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने सभी  विभागों, अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे राजभाषा हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करें. वे नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति जबलपुर की 17वीं छ:माही की आज 9 दिसम्बर को आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं. बैठक में जबलपुर के विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों के अधिकारी मौजूद रहे.

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने कहा कि राजभाषा हिंदी में कार्य करने से पारदर्शिता, दक्षता और जनता से संवाद तीनों में वृद्धि होती है। सभी सदस्य कार्यालय प्रमुख भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी प्रयोग-प्रसार एवं कारगर कार्यान्वयन हेतु अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी शिक्षण योजना, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, जबलपुर द्वारा संचालित हिंदी टाइपिंग एवं आशुलिपि का प्रशिक्षण अवश्य रूप से दिलाएं। उन्होंने समिति सदस्य कार्यालयों को नोटिंग, रिपोर्ट, ई-आफिस, ई-मेल, विविध पोर्टल एवं सोशल मीडिया आदि पर हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने समिति की वार्षिक राजभाषा पत्रिका सरल के 6वें अंक (राजभाषा विशेषांक) का विमोचन भी किया।    

    बैठक में उपस्थित श्री एम. एस. हाशमी, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, पमरे ने अपने संबोधन में कहा कि दैनिक सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में उत्तरोत्तर प्रगति हो रही है। उन्होंने बताया कि सदस्य कार्यालयों में पत्राचार, नोटशीट, विविध प्रपत्र तथा रिपोर्ट आदि राजभाषा हिंदी में तैयार की जा रहीं हैं। उन्होंने भारत सरकार, गृहमंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा 14 एवं 15 सितंबर, 2025 को गांधी नगर, गुजरात में आयोजित 05वें अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन को राजभाषा प्रयोग-प्रसार और कार्यान्वयन हेतु एक महत्वपूर्ण कदम बताया। 

बैठक में भारत सरकार, गृहमंत्रालय, राजभाषा विभाग, भोपाल के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित श्री नरेन्द्र सिंह मेहरा, उप निदेशक (कार्यान्वयन) ने समिति द्वारा राजभाषा प्रयोग-प्रसार हेतु किये जा रहे प्रयासों की सराहना की और पत्रिका प्रकाशन हेतु सभी को बधाई दी तथा राजभाषा नीति के युक्तियुक्त कार्यान्वयन हेतु अनेक रचनात्मक उपाय सुझाएं। 

बैठक में विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों के प्रशासनिक प्रमुख, अन्य प्रतिनिधि अधिकारी/कर्मचारी सहित श्री विवेक कुमार गुप्ता, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी, श्री आनंद कुमार, अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर मंडल शामिल हुए। बैठक का संचालन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल ने किया तथा श्री विवेक कुमार गुप्ता ने समिति अध्यक्ष, विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों के प्रशासनिक प्रमुखों एवं अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak