छिंदवाड़ा। एमपी के छिंदवाड़ा स्थित प्रसिद्ध झिगरिया वाटरफॉल तामिया में दिल्ली से आया युवक मुकुंद शर्मा पैर फिसलने के कारण गिरकर डूब गया। मुकुंद की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम को अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है। वहीं मुकुंद के रिश्तेदार भी मौके पर उपस्थित है, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है।
बताया गया है दिल्ली के गाजियाबाद निवासी मुकुंद शर्मा छिंदवाड़ा अपने रिश्तेदारों के यहां आए थे। परिवार के साथ पर्यटन स्थल झिगरिया वाटरफॉल घूमने पहुंचे थे, इस दौरान चट्टान पर पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गए। घटना देखते ही परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ टीमए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आज रेस्क्यू टीम ने पानी में सर्चिंग, ड्रोन स्कैनिंग व आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। जानकारी के अनुसार युवक 2 बेटियों का पिता है। एक बेटी 3 साल की तो वही दूसरी 6 माह की है। अधिकारियों का कहना है कि वाटरफॉल क्षेत्र में पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने से रेस्क्यू में कठिनाइयां आ रही हैं। टीम सतर्कता के साथ लगातार ऑपरेशन जारी रखे हुए है। परिवार के सदस्यों की हालत खराब है और वे मौके पर ही युवक की सलामती की उम्मीद में बैठे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा जब तक युवक का पता नहीं चलता।