पमरे के रेलवे वर्कशॉप में बड़ा हादसा, गैस लीकेज से लगी आग, फिटर गंभीर

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा माल डिब्बा मरम्मत कारखाना (वर्कशॉप) में मंगलवार 16 दिसम्बर की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्य के दौरान गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घायल कर्मचारी सगीर खान (57) बॉडी रिपेयर शॉप में फिटर के पद पर कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्य गैस कटर से मालगाड़ी के डिब्बों की कटिंग और वेल्डिंग करना है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे काम खत्म करने के बाद सगीर एलपीजी सिलेंडरों को ट्रॉली में भरकर सुरक्षित स्थान (पिंजरे) में रख रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सिलेंडर से लीक हो रही गैस ने आग पकड़ ली और सगीर इसकी चपेट में आ गए। उनके चेहरे, हाथ और शरीर के अन्य हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए।

नहीं मिली एंबुलेंस

हादसे के बाद वर्कशॉप में मौजूद कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर सगीर के शरीर की आग बुझाई। घायल को तुरंत वर्कशॉप डिस्पेंसरी ले जाया गया, लेकिन वहाँ एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में निजी वाहन से रेलवे अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तलवंडी स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जांच के लिए 4 सदस्यीय कमेटी गठित

मुख्य कारखाना प्रबंधकसुधीर सरवरिया ने घटना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में आरपीएफ अधिकारी, बॉडी रिपेयर शॉप प्रभारी, इलेक्ट्रिक विभाग के अधिकारी व सेफ्टी ऑफिसर शामिल हैं.

Post a Comment

Previous Post Next Post