जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ 'निक्की ठाकुर' नामक बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे पूरी तरह निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिश
यह वीडियो Nikki Thakur81 नाम की इंस्टाग्राम आईडी से साझा किया गया था। बदमाश ने अपनी प्रोफाइल में हथियारों और शराब की तस्वीरों के साथ उकसाने वाले कैप्शन लिखे हैं, जिससे वह इलाके में अपनी दहशत कायम करना चाहता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी निक्की ठाकुर आदतन अपराधी है और अक्सर अपना ठिकाना बदलता रहता है।
आरोपी पर बमबाजी और मारपीट के मामले दर्ज
जांच में पता चला है कि निक्की ठाकुर के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। 26 दिसंबर को प्रदीप साहू नामक व्यक्ति के घर पर सूअरमार बम फेंकने और तोड़फोड़ करने के आरोप में निक्की और उसके साथियों (समीर, दुर्गेश और गुल्लू) पर एफआईआर दर्ज हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने पहले वसूली के लिए मारपीट की और फिर दहशत फैलाने के लिए घर पर हमला किया।
पुलिस की कार्रवाई और चुनौतियों
गोरखपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, निर्वस्त्र कर पीटे गए युवक के परिजन डर के कारण अब तक शिकायत दर्ज कराने सामने नहीं आए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई।
