गेहूं से भरा ट्रक हुआ क्षतिग्रस्त,पुलिस को देर तक नहीं लगी भनक
जबलपुर। शहर के धनवंतरी नगर बाईपास स्थित नागपुर रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ खनिज सामग्री (माइनिंग) से लदे एक अनियंत्रित हाईवा ने सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनी गई। इस दुर्घटना में गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को काफी नुकसान पहुँचा है।
हादसे से अनजान रही पुलिस, वाहनों के उड़े परखच्चे
घटनाक्रम के अनुसार, माइनिंग सामग्री से भरा हाईवा क्रमांक MP 11 H 0622 नागपुर रोड से गुजर रहा था, तभी चालक ने संतुलन खो दिया और किनारे खड़े दो ट्रकों में जा घुसा। इनमें से एक ट्रक क्रमांक MP 20 HB 6342 पूरी तरह खाली था, जबकि दूसरा ट्रक क्रमांक MP 20 HB 8774 गेहूं की बोरियों से भरा हुआ था। टक्कर के बाद गेहूं से लदे ट्रक का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी दुर्घटना होने और बाईपास पर लंबा जाम लगने के बावजूद स्थानीय धनवंतरी नगर पुलिस चौकी को घटना की भनक तक नहीं लगी। जब मीडिया कर्मियों ने इस संबंध में जानकारी चाही, तो पुलिस ने घटना के बारे में किसी भी तरह की सूचना होने से इनकार कर दिया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली और हाईवे पर खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
