khabar abhi tak

ला नीना का असर... बर्फबारी, पारा लुढ़का


जबलपुर। 
हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का सिलसिला बना हुआ है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के बाद उत्तरी हवा मध्यप्रदेश को  प्रभावित कर रही है। इससे पारा तेजी से गिर रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार ला नीना सक्रिय है। इससे प्रशांत महासागर का तापमान कम हो गया है। इसका असर भारत में भी दिख रहा है। ठंडी हवा ज्यादा ताकत के साथ मध्य भारत तक पहुंच रही है। इस बार हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में सीजन की बर्फबारी सामान्य समय से पहले हो गई। इससे प्रदेश की ठिठुरन 20-30 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा। इससे आगामी दो दिनों में दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होने से हवा का रूख उत्तरी हो सकता है। इसके असर से 7-8 दिसंबर से जबलपुर सम्भाग में ठंड बढ़ने के आसार हैं। 

शुक्रवार को बादल छंटने से रात का न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री नीचे गिरा। यह 11.4 से गिरकर 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। दिन में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री से गिरकर 25.3 दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। हवा में नमी 77 फीसदी दर्ज हुई।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak