मैहर. प्रसिद्ध माँ शारदा देवी धाम की पार्किंग में रविवार शाम उस समय जमकर विवाद मच गया, जब मामूली पैसे के विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया. यहाँ वाहन पार्किंग शुल्क को लेकर दर्शनार्थियों और पार्किंग कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम कुछ श्रद्धालु माँ शारदा के दर्शन के लिए पहुंचे थे. पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के दौरान पार्किंग शुल्क के लेनदेन को लेकर कर्मचारियों और श्रद्धालुओं के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि पार्किंग कर्मचारियों ने दर्शनार्थियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया. जब विवाद बढ़ा, तो वाहन में सवार अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक ने नीचे उतरकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी उग्र हो गए और बात धक्का-मुक्की से शुरू होकर मारपीट तक पहुँच गई.
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना के बाद पार्किंग संचालन पक्ष ने माँ शारदा मंदिर चौकी में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ इस तरह के दुर्व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है.
