khabar abhi tak

एमपी : रीवा में गिट्टी लदा अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवारों को कुचला, दो की मौत, दो गंभीर

 
रीवा।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरही के पास बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से लदे एक अनियंत्रित डंपर के नीचे दबने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना रविवार- सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। गिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार डंपर मनिकवार मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। उसी समय डंपर के बगल से एक बाइक गुजर रही थी, जिस पर तीन लोग सवार थे। डंपर के पलटते ही उसमें लदी भारी-भरकम गिट्टी बाइक सवारों के ऊपर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

जेसीबी की मदद ली गई

सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और जेसीबी मशीन की मदद से डंपर को सीधा कराया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। गिट्टी के नीचे दबने और दम घुटने से बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, एक अन्य बाइक सवार और ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल पाए गए, जिन्हें तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मृतक और घायल रायपुर कर्चुलियान क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। डंपर को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak