khabar abhi tak

उमरिया के बाद जबलपुर में थी 'कांड' की तैयारी


अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश: उमरिया में चोरी कर जबलपुर पहुंचने के बाद धराये

जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने अंतरजिला नकबजन गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी अपने साथियों के साथ उमरिया जिले में बड़ी चोरी को अंजाम देकर जबलपुर पहुँचा था और यहाँ भी किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। माढोताल पुलिस ने इस गिरोह की घेराबंदी कर दबोचा। टीआई वीरेन्द्र पवार के अनुसार, माढोताल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कटंगी बायपास के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति छिपे हुए हैं। पुलिस ने जब दबिश दी, तो अंधेरे का फायदा उठाकर तीन आरोपी फरार हो गए, लेकिन घेराबंदी कर भूरसिंह मेहडा (निवासी जिला धार) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये आरोपी बिरसिंहपुर पाली (उमरिया) में एक सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर चुराकर भागे थे और जबलपुर में भी रात के समय चोरी करने की योजना बना रहे थे।

40 ग्राम सोने के जेवर बरामद, फरार साथियों की तलाश तेज

​पकड़े गए आरोपी भूरसिंह की तलाशी लेने पर उसके पास से 40 ग्राम वजनी सोने के जेवर बरामद हुए, जिनमें हार, कान के झुमके, चेन, मांग टीका और अंगूठियां शामिल हैं। आरोपी ने कबूला कि यह जेवर उमरिया में की गई चोरी का उसका हिस्सा था, जबकि बाकी माल और नकदी उसके फरार साथियों (विशन बुंडर, नाहर सिंह और सरदार सिंह) के पास है। पुलिस ने बरामद माल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई से एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जो अन्य जिलों में चोरी कर सुरक्षित ठिकानों पर छिपने का आदी था। इस सफल ऑपरेशन में एएसआई रणजीत सिंह ठाकुर और प्रधान आरक्षक लालजी यादव सहित माढोताल पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak