khabar abhi tak

पाटन में अवैध धान पर छापा: 3440 क्विंटल स्टॉक जब्त, बिचौलियों में हड़कंप


जबलपुर
।  जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और बिचौलियों व व्यापारियों के हस्तक्षेप को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के सख्त निर्देशानुसार जिले में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में पाटन तहसील के अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कुल 3 हजार 440 क्विंटल अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त की है। यह कार्रवाई उपार्जन केंद्रों पर व्यापारियों द्वारा अवैध धान खपाने की आशंका को देखते हुए की गई है।पाटन एसडीएम मानवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में पहली कार्रवाई तहसीलदार कटंगी राजेश कौशिक द्वारा ग्राम कैमोरी में की गई। यहाँ सुखचैन साहू की निजी भूमि (खसरा नंबर 142/1) पर लगभग 2 हजार 440 क्विंटल धान का स्टॉक पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में धान के भंडारण का वैध दस्तावेज न होने पर प्रशासन ने इसे जब्त कर लिया और पंचनामा बनाकर भूमि स्वामी कपिल साहू की सुपुर्दगी में दे दिया।

वेयरहाउस किया गया सील

​वहीं, दूसरी कार्रवाई ग्राम रोंझा (नुनसर) स्थित कृष्णा वेयर हाउस में की गई। निरीक्षण के दौरान वहां पांच बड़े ढेरों में रखी करीब एक हजार क्विंटल धान मिली, जिसका कोई हिसाब नहीं था। राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल इस धान को जब्त कर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर वेयर हाउस को सील कर दिया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के बिचौलियों और अवैध संग्रहण करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हक पर डाका डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak