khabar abhi tak

22 राशन दुकानों पर भेज दिया घुन लगा गेंहू, 3 अधिकारियों पर FIR दर्ज..!

 

मंडला। एमपी के मंडला स्थित मंडला के मोहगांव व घुघरी विकासखंड की 22 उचित मूल्य दुकानों में नवंबर में 984 क्विंटल अमानक गेहूं की सप्लाई के मामले में तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन अधिकारियों में मध्य प्रदेश वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक (जो नागरिक आपूर्ति निगम के प्रभारी जिला प्रबंधक भी हैं), नागरिक आपूर्ति निगम के केंद्र प्रभारी घुघरी व वेयरहाउस घुघरी के शाखा प्रबंधक शामिल हैं। यह मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत दर्ज किया गया है।

                                        इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया  कि नवंबर में पीडीएस के तहत राशन वितरण के लिए जामगांव नैनपुर के आकाश वेयरहाउस से गंगा वेयरहाउस घुघरी को 984 क्विंटल गेहूं भेजा गया, जो मोहगांव और घुघरी विकासखंड की 22 उचित मूल्य दुकानों में सप्लाई किया गया। उचित मूल्य दुकानों से आपूर्ति विभाग और प्रशासन को अमानक गेहूं की शिकायतें मिली तो जांच शुरू की गई। एसडीएम घुघरी व कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर घुघरी पुलिस ने तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें नागरिक आपूर्ति निगम के प्रभारी जिला प्रबंधक हेमंत वर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम के केंद्र प्रभारी अमन तेकाम और वेयरहाउस घुघरी के शाखा प्रबंधक दुर्गेश तेकाम शामिल हैं। इन पर पीडीएस कंट्रोल ऑर्डर की कंडिकाओं के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3ध्7 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि राजस्व अधिकारियों की जांच में यह भी सामने आया है कि संबंधित फर्म को पहले ही ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था। इसके बाद भी अधिकारियों द्वारा नॉन-एफएक्यू (मानक के अनुरूप नहीं) गेहूं की सप्लाई की गई। अधिकारियों के जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak