SIR सर्वे कार्य में देरी, प्रगति जीरो, 3 SDM, 15 तहसीलदारों को नोटिस, 3 BLO सस्पेंड

 

सागर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 SIR सर्वे कार्य में लापरवाही सामने आने पर सागर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जीआर ने बड़ी कार्रवाई की है। SIR सर्वे में काम धीमा होने और प्रगति शून्य पाए जाने पर 3 SDM, 15 तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं काम में गंभीर लापरवाही पर 3 BLO (बूथ लेवल अधिकारी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

                            SIR सर्वे में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैंए उनमें अनुविभागीय अधिकारी खुरई मनोज चौरसिया, संयुक्त कलेक्टर एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आरती यादव व अनुविभागीय अधिकारी सुरखी रोहित वर्मा शामिल हैं। इनके अलावा तहसीलदार अंबर पंथी, राकेश कुमार अहिरवार, कमलेश कुमार सतनामी, निर्मल सिंह राठौर, हरीश लालवानी, प्रीति रानी चौरसिया, प्रेम नारायण सिंह, राजेश कुमार पांडे, महेश दुबे, संदीप तिवारी, देवी प्रसाद चक्रवर्ती, मोहित जैन और ज्ञानचंद्र राय को भी नोटिस जारी किया गया है। विधानसभा क्षेत्र सुरखी में मैपिंग और एसआईआर सर्वे कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही पाए जाने पर तीन बूथ लेवल अधिकारी देवेन्द्र चौरसिया प्राथमिक शिक्षक (मतदान केन्द्र क्रमांक 155, जैसीनगर), अरुण अहिरवारए शिक्षक मतदान केन्द्र क्रमांक 257 करैया व कामता प्रसाद पटेल सचिव ग्राम कटंगी मतदान केंद्र क्रमांक 193 को सस्पेंड कर दिया गया है। कार्रवाई को लेकर बताया गया कि BLO 37 सुरखी विधानसभा को निर्वाचन अधिकारी द्वारा पहले नोटिस जारी किए जाने के बावजूद भी सर्वे डिजिटाइजेशन की प्रगति शून्य पाई गई। कार्य में सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन कर्मचारियों का यह कृत्य मप्र सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन तथा अवचार (कदाचार) की श्रेणी में पाया गया। इसलिए मप्र सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण व अपील नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post