khabar abhi tak

महिला की लहूलुहान लाश मिली, दुष्कर्म की आशंका

 


पनागर पुलिस जांच में जुटी,एफएसएल टीम  भी सक्रिय

जबलपुर। पनागर थानांतर्गत नरंगवा गांव में रविवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव के बाहरी इलाके स्थित आम के बगीचे में एक अज्ञात 45 वर्षीय महिला की रक्तरंजित लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका गहराती जा रही है। सूचना पर पनागर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की।

-गड्ढे में खून से लथपथ मिली लाश

स्थानीय लोगों ने दोपहर बाद बगीचे की ओर से दुर्गंध आने पर खोजबीन की, जहां एक गड्ढे में महिला का शव पड़ा मिला। शव पर कई गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए, जिससे अंदेशा है कि महिला के साथ नृशंस वारदात कर अपराधियों ने उसे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष प्रतीत होती है और शव कम से कम कई घंटों पुराना लग रहा है।

-पहचान अज्ञात, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलेंगे सुराग

महिला की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को मेडिकल कॉलेज भेजकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, मिट्टी के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने कहा कि फिलहाल सभी एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण और वारदात की प्रकृति स्पष्ट होगी। घटना के बाद नरंगवा गांव और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने रात के समय अतिरिक्त पुलिस गश्त की मांग की है। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के गांवों में पूछताछ जारी है। महिला की पहचान और वारदात के आरोपियों का सुराग जुटाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak