khabar abhi tak

बोर्ड परीक्षा से पहले भोपाल से आएंगे नोट्स!



विभाग की बोर्ड एग्जाम के रिजल्ट सुधारने कवायद, जानकार बोले, बच्चों के भविष्य के लिए सही नहीं

जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने बोर्ड के 10वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए नई कवायद शुरू की है। विभाग विद्यार्थियों के लिए पहली बार विषयवार शार्ट नोट्स तैयार करा रहा है। इसका नाम वन लाइनर एंड माइंड मैपिंग दिया है। यह 60 से 70 पेज का नोट्स होगा, जिसकी सॉफ्ट कापी स्कूलों में प्राचार्यों के ईमेल पर भी उपलब्ध होगा, साथ ही बुकलेट के रूप में भी तैयार कर स्कूलों में वितरित किया जाएगा। दावा है कि इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी करना आसान होगा।

-बुनियादी समझ होगी कमजोर

विशेषज्ञों का कहना है कि यह पोषण आहार की जगह दो मिनट में भूख मिटाने वाले नूडल्स जैसा है। इससे बच्चे परीक्षा तो पास कर सकते हैं, लेकिन विषय की बुनियादी समझ कमजोर होने की संभावना बनी रहेगी। जबलपुर जिले में पिछले साल 10वीं का रिजल्ट 76.42 प्रतिशत और 12वीं का 74.48 प्रतिशत रहा था। स्कूल शिक्षा विभाग इस परिणाम से बेहतर की कोशिश में जुटा हुआ है। पांच विषयों में उत्तीर्ण को एक विषय में फेल होने पर भी पास करने वाली बेस्ट अॉफ फाइव योजना इस साल खत्म हो रही है। इसकी वजह से भी स्कूल शिक्षा विभाग इस तरह के बूस्टर उपायों पर जोर दे रही है।

-10वीं के विद्यार्थियों के लिए वीडियो भी 

इस बार 10वीं का अंग्रेजी, गणित व विज्ञान विषय का वीडियो भी  तैयार कराकर स्कूलों को भेजे जा रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों को तैयारी कराने में फायदा मिल रहा है। इस शार्ट नोट्स को तैयार करने के लिए विषय विशेषज्ञों की टीम बनाई गई थी। जिन्होंने एक-एक चैप्टर का 30 से 35 महत्वपूर्ण प्वाइंट्स निकालकर दिए हैं। विभाग का कहना है कि पूरा पाठ पढ़ने के बाद इन शार्ट नोट्स के बुलेट् प्वाइंट्स को बार-बार पढ़ने से विद्यार्थियों को फायदा होगा। विद्यार्थियों को शार्ट नोट्स का बुकलेट भी वितरित किया जाएगा। जिससे वे हर चैप्टर की तैयारी करने के बाद इससे दोहरा सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak