पुलिस के अनुसार रीता उर्फ झल्ली मल्लाह उम्र 40 वर्ष निवासी सिंधौली ने डायल 112 पर फोन कर बृजेंद्र सिंह के दुर्घटना में घायल होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के कारण रीवा रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान बृजेंद्र ने दम तोड़ दिया। बृजेंद्र की मौत के बाद रीता व उसके परिचित कृष्ण कुमार उर्फ धर्मू केवट 30 वर्ष निवासी सिंधौलीए ने अपने बयान बदल दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर बृजेंद्र की हत्या की है। पुलिस ने जांच शुरू की और शव का पोस्टमॉर्टम कराया। जिसमें सिर में गंभीर चोट के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने रीता व उसके परिचित के बयान के आधार पर सिंधौली गांव के लोगों से पूछताछ की। इस बीच संदिग्ध गतिविधियों के चलते पुलिस ने रीता व कृष्ण कुमार उर्फ धर्मू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गईए जिसके बाद दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को पूछताछ में महिला रीता ने खुलासा किया कि पिछले पांच वर्षों से बृजेंद्र के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। बृजेंद्र अक्सर उसके घर आता-जाता था लेकिन कुछ समय से वह शराब पीकर सड़क पर गाली-गलौज करने लगा था। इसी दौरान उसकी दोस्ती गांव के ही कृष्ण कुमार उर्फ धर्मू से हो गई। बृजेंद्र से पीछा छुड़ाने का कोई रास्ता न मिलने पर महिला ने उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी।
इस तरह की पुराने प्रेमी की हत्या-
तीन दिन पहले बृजेंद्र नशे की हालत में आया और जाते समय गाली-गलौज करने लगा। तभी कृष्ण कुमार आया तो ब्रजेन्द्र को उसके साथ बाइक पर भेज दिया। बस्ती से बाहर निकलते ही सुनसान जगह पर आरोपी कृष्णकुमार ने बृजेन्द्र को बातों में लगाकर रोक लिया। तभी रीता भी मौके पर पहुंच गई और दोनों ने लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, इसके बाद दुर्घटना दिखाने के लिए एफआरवी को सूचित किया।