जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्मिकों ने कर्मयोगी भारत के आई-गाट पोर्टल (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग पोर्टल) पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। सितंबर माह में आयोजित सीखो सप्ताह के दौरान सर्वाधिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले कार्मिकों में ट्रांसको के तीन कार्मिकों ने ऊर्जा विभाग के प्रथम 10 कार्मिकों मे स्थान प्राप्त किया। इन तीन कार्मिकों सहित एमपी ट्रांसको के प्रथम 10 कार्मिकों को मुख्यालय जबलपुर में आयोजित एक समारोह में ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रबंध संचालक ने कहा कि केंद्र सरकार के कर्मयोगी भारत अभियान के लक्ष्यों की दिशा में ट्रांसको के कार्मिकों की भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कार्य के साथ-साथ विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त करना न केवल कार्यकुशलता बढ़ाता है, बल्कि आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करता है।उन्होंने यह भी कहा कि यह गर्व का विषय है कि ट्रांसको के तीन कार्मिकों को राज्य विद्युत मंडल की उत्तरवर्ती कंपनियों में प्रथम दस में स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि को उन्होंने अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणादायक बताया।
-इन्हें मिला सम्मान
सम्मानित कार्मिकों में कार्यपालन अभियंता नूतन शर्मा एवं आरती शिल्पी, ,इंदौर,सहायक अभियंता विनोद कुमार पटेल,जबलपुर, कनिष्ठ अभियंता दीपचन्द्र बरमैया, कटनी , कनिष्ठ अभियंता, हस्ती बिसेन जबलपुर, कनिष्ठ अभियंता कुबेर सिंह ,खंडवा कनिष्ठ अभियंता सूरज सिंह गुर्जर ,राऊ,इंदौर,कार्यालय सहायक योगेश जैन, जबलपुर,कार्यालय सहायक श्रेणी रंजीत रंगारी,सिवनी एवं ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस कर्मी हेमराज पाटीदार,उज्जैन, शामिल हैं।
