khabar abhi tak

अंतिम संस्कार में जा रहे परिवार की कार पर पलटा बजरी भरा डंपर, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

सहारनपुर. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आज 28 नवम्बर शुक्रवार की सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही कार पर पलट गया. कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार एक ही परिवार के सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है.

मृतक सभी लोग सैयद माजरा गांव के रहने वाले थे. पुलिस के अनुसार, परिवार गंगोह क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार की मौत के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था. सुबह करीब 7 बजे जैसे ही उनकी स्विफ्ट डिजायर कार हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रहा बालू लदा डंपर अचानक पलट गया. डंपर का पूरा वजन कार पर गिरा और देखते-देखते कार मलबे में तब्दील हो गई.

मुश्किल से निकाली गई लाश

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने क्रेन की मदद से डंपर को हटाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. कार के अंदर फंसे सभी सात लोग बुरी तरह कुचले जा चुके थे. शवों को निकालने में घंटों लग गए.  हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है.

गांव में पसरा सन्नाटा

हादसे की खबर जैसे ही सैयद माजरा गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया. एक साथ सात लोगों का चले जाना गांव वालों के लिए सदमे से कम नहीं. अंतिम संस्कार में जाने वाला परिवार खुद मौत के मुंह में समा गया. मायूसी भरे माहौल में शवों को गांव लाया गया, जहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी. वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोग उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं और जमकर नारेबाजी भी कर रहे हैं. 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak