khabar abhi tak

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़, 3 नक्सली मार गिराए, सुकमा में सर्च ऑपरेशन जारी

 
सुकमा.
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से रविवार सुबह एक बड़ी खबर सामने आई है। भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्रों के पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया है। घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।

सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि डीआरजी की टीम को क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर अभियान चलाया गया। गश्त के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

इसी सप्ताह बीजापुर जिले में भी सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली थी। मंगलवार को राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में जवानों ने छह नक्सलियों को मार गिराया था। इस अभियान में डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीमें शामिल थीं। मौके से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया गया था।

हालिया अभियानों के बाद इस वर्ष छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों के दौरान मारे गए नक्सलियों की संख्या 262 तक पहुंच गई है। इनमें से 233 नक्सली बस्तर संभाग के सात जिलों में ढेर किए गए, जिनमें सुकमा भी शामिल है। इसके अलावा 27 नक्सली गरियाबंद और 2 नक्सली दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मारे गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak