khabar abhi tak

महिला एएलपी पर मेहरबान रेल प्रशासन, दोपहर 1 बजे के बाद नहीं चलाएंगी ट्रेन, आदेश जारी

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल रेल प्रशासन द्वारा एक अजीबोगरीब आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत सहायक महिला लोको पायलट दोपहर 1 बजे के बाद ट्रेन नहीं चलाएंगी। प्रशासन के इस फैसले ने रनिंग स्टाफ और अन्य रेल कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है, क्योंकि इसे पूरी तरह से नियम विरुद्ध बताया जा रहा है। वहीं पमरे के जबलपुर व भोपाल रेल मंडल में महिला रनिंग स्टाफ की नाइट ड्यूटी बदस्तूर जारी है.

केवल 6 बजे से 1 बजे तक ही ड्यूटी 

टीएलसी नंबर 958 के तहत जारी वरिष्ठ अधिकारी के आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि महिला सहायक लोको पायलटों को केवल सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक ही बुक किया जाए। इसके बाद महिलाओं की ड्यूटी नहीं लगाई जाए।

रनिंग स्टाफ ने बताया नियम विरुद्ध

 रनिंग स्टाफ का कहना है कि रेलवे नियमों की सबसे बड़ी पुस्तक जी एंड एसआर में भी ऐसा कोई नियम नहीं है जो महिला सहायक लोको पायलटों को दोपहर 1 बजे के बाद ड्यूटी पर जाने से रोके। स्टाफ ने चिंता जताई है कि पहले से ही कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे मंडल में, इस आदेश के कारण पुरुष लोको पायलटों पर काम का बोझ और बढ़ेगा।

जबलपुर- भोपाल मंडलों में नाइट ड्यूटी भी कर कर रहीं

 रनिंग स्टाफ ने बताया कि कोटा के अलावा रतलाम, भोपाल और जबलपुर सहित बाकी सभी मंडलों में महिला लोको पायलट रात में भी अपनी ड्यूटी कर रही हैं।

9 साल बाद लाइन पर लौटी थीं महिला पायलट

 उल्लेखनीय है कि सहायक महिला लोको पायलट पिछले करीब 9 सालों से ऑफिस में ही काम कर रही थीं। पिछले दिनों यह मामला प्रमुखता से सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया था और इन महिला सहायक लोको पायलटों को वापस लाइन ड्यूटी पर भेजना शुरू कर दिया था। लेकिन अब यह नया आदेश प्रशासन की महिलाओं पर फिर से मेहरबान होने की ओर इशारा कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak