जबलपुर में 'SIR' की हलचल तेज,ननि की वोटर लिस्ट रहेगी बेअसर


 जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी, अमले को प्रशिक्षण दिया जाएगा

जबलपुर। जिस सर्वे को लेकर बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गयी थी, वही सर्वे यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की तैयारियां जबलपुर जिले में तेज हो गयी हैं। इस सर्वे के लिए कवायद करीब दो महीने से चल रही हैं पर अब जल्दी ही तारीखों के ऐलान की संभावना है। जबलपुर के प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सर्वे के लिए विस्तारपूर्वक निर्देश अभी नहीं आए हैं,लेकिन जिले में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।

-सिर्फ नगर निगम की वोटर लिस्ट में जुड़ते रहेंगे नाम
एसआईआर सर्वे के दौरान मतदाता सूची में अब नए मतदाताओं के नाम नहीं जोड़े जाएंगे। पुराने मतदाताओं के नाम भी जांच पूरी होने तक नहीं हटाए जाएंगे।  मतदाता सूची के सत्यापन और उसे अपडेट करने के लिए किया जा रहा सर्वे पूरा होने के बाद ही अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। नगर निगम क्षेत्र की वोटर लिस्ट पर लागू नहीं- नगर निगम क्षेत्र की वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी। यानी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतदाता सूची में नाम जोड़ा या सुधार करवाया जा सकेगा। लेकिन विधानसभा या लोकसभा से जुड़ी मुख्य मतदाता सूची में बदलाव नहीं होगा।

-घर-घर जाकर ले रहे जानकारी
 जिला प्रशासन के अफसरों ने बताया कि कई बार शिकायतें आती थीं कि कुछ पात्र मतदाताओं के नाम सूची में नहीं जुड़ते और कई मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम अब भी बने रहते हैं। सर्वे में घर-घर जाकर जानकारी जुटाई जाएगी और उसका मिलान बूथ स्तर पर उपलब्ध रिकॉर्ड से करेंगे।


-सर्वे में 2 महीने लगेंगे

अधिकारियों ने बताया कि एसआईआर सर्वे पूरा होने में करीब दो महीने का समय लग सकता है। उसके बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पहले दोबारा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया कराई जाएगी। सर्वे के पूरा होने के बाद ही नई और संशोधित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

वर्जन
-सर्वे के लिए तैयारियां जारी
एसआईआर सर्वे के लिए हमारी तैयारियां जारी हैं। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों का ऐलान होने के बाद हमारी टीमें ग्राउंड पर पहुंच जाएंगी। जल्दी टीमों को प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘ाुरु किया जाएगा।
राघवेंद्र सिंह,कलेक्टर

Post a Comment

Previous Post Next Post