दमोह। दमोह के हटा स्थित ढोलियाखेड़ा गांव में एक 12 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। देर शाम साइकल से निकला बालक मनीष देर रात तक घर नहीं आया तो परिजनों ने पुलिस को खबर दी। इसके बाद परिजन तलाश में जुटे रहे, कुछ देर बाद मनीष एक गढ्डे में मृत हालत में मिला, जिसका शरीर बिजली के तारों में उलझा रहा।
बताया गया कि जिस रास्ते से मनीष जा रहा था, वहां बिजली के तार जमीन के काफी नीचे लटके हुए थे। वह इन तारों के संपर्क में आया और करंट लगने से गड्ढे में गिर गया, जिससे किसी को दिखाई नहीं दिया। मनीष के पिता मूलचंद ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कंपनी ने बिजली के तारों की ऊंचाई नहीं बढ़ाई। साथ ही उन्होंने गांव के मुलू पटेल पर भी आरोप लगाया, जिनके घर में यह कनेक्शन गया था और उन्होंने भी तारों को ऊंचा नहीं किया। गांव के सरपंच रामेश्वर पटेल ने भी बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईंए लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। हटा थाना टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।